-हमलावरों ने पेट में घोंपी टूटी बोतल, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
-पांच नामजद समेत अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के रसूलपुर रोड स्थित ट्रैक्टर मार्केट में रंजिश के चलते प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला कर दिया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हथियारों के बल पर युवक के साथ मारपीट की और उसके पेट में कांच की टूटी बोतल घोंप दी, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राम नगर निवासी चिराग लवानिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई तुषार जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता है। 15 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे तुषार अपने दोस्तों के साथ रसूलपुर रोड स्थित एक कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान उसके दोस्त वंश की फोन पर कपिल सोरोत और दीपांकर से कहासुनी हो गई। करीब 20 मिनट बाद एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार्यालय के सामने आकर रुकी। गाड़ी से दीपांकर, साहिल गौतम, गौरव तेवतिया, करण तेवतिया उर्फ काला, कपिल सोरोत और अन्य युवक हथियारों से लैस होकर उतरे और कार्यालय में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गौरव और करण ने तुषार की कनपटी पर पिस्टल तान दी।
इसी दौरान एक आरोपी ने तुषार के पेट में कांच की टूटी बोतल घोंप दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जब उसके दोस्त उसे अस्पताल ले जाने लगे तो आरोपियों ने रास्ता रोककर इलाज में देरी कराने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। अधिक खून बहने के कारण तुषार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।