नोएडा। सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन पर स्काईवॉक बनने का काम अब आगे बढ़ चुका है। प्राधिकरण ने गोल चक्कर पर जेसीबी से खोदाई करके पिलर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। डीएमआरसी के रिवर्सल प्लेटफाॅर्म के कारण काम में देरी हुई। नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि स्काईवॉक बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस तरह से काम कर रहा है जिससे रिवर्सल प्लेटफाॅर्म का काम भी प्रभावित न हो और निर्माण भी जारी रहे।
मॉडल टाउन गोलचक्कर नोएडा-गाजियाबाद और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। स्काईवॉक बनने के बाद पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए वाहनों के बीच से नहीं गुजरना पड़ेगा। स्काईवॉक पर करीब 34.34 करोड़ की लागत आएगी। इसकी कुल लंबाई 530 मीटर होगी। इसमें गोलाकार भाग की लंबाई 350 मीटर, सीधा भाग 180 मीटर, जिसमें दो लिफ्ट और दो एस्केलेटर भी होंगे।