-जिला अस्पताल में निरीक्षण पर आए राज्य सर्विलांस अधिकारी को सौंपा गया पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल करोड़ों रुपये की लागत से आठ मंजिला बनाया गया है, लेकिन यहां पर मरीजों के लिए रैंप की सुविधा नहीं है। यदि किसी कारणवश बिजली आपूर्ति बाधित होने या इमरजेंसी में लिफ्ट का संचालन बंद हो जाए तो मरीजों को ऊपरी तल से नीचे लाना भारी पड़ सकता है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की ओर से अस्पताल में रैंप का निर्माण करने की मांग की गई है।
बता दें कि जिले में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के इलाज व संक्रमण से बचाव की स्थिति जानने के लिए उत्तर प्रदेश के राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने पांच सितंबर को अस्पताल का निरीक्षण किया था। अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि राज्य सर्विलांस अधिकारी अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे थे और इस दौरान उन्होंने मरीजों की स्थिति देखी और अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं व संक्रमण से बचाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि निरीक्षण के बाद अधिकारी से अस्पताल की कुछ जरूरतों को पूरा करने की मांग की। अस्पताल में रैंप बनवाने के लिए शासन के नाम एक पत्र सौंपा। इसके साथ ही वार्डों की छतों से गिर रही फॉल्स सीलिंग आदि दुरुस्त करवाने के लिए बजट की मांग की गई है।