नूंह/पुन्हाना। हरियाणा दिवस के अवसर पर 1 नवंबर से जिले में मेवात तृतीय प्रो कबड्डी लीग राजकीय माध्यमिक विद्यालय बीवां नूंह के प्रांगण में शुरू होने जा रही है। इसमें मेवात की एक दर्जन से अधिक टीमें भाग ले रही हैं। लीग की तैयारियों को लेकर सोमवार को नूंह में आयोजन समिति के प्रमुख लोगों की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एबीएस फाउंडेशन के कार्यक्रम निदेशक नवीन लाठर ने की। इस लीग का तीसरी बार मेवात में एबीएस फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है।
एबीएस फाउंडेशन के कार्यक्रम निदेशक नवीन लाठर ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिले के सभी ब्लॉकों में कराई जाएगी। सभी टीमों में नाकआउट से गुजरना पड़ेगा। इस प्रतियोगिता में एक गांव की एक ही टीम भाग ले सकती है और दो खिलाड़ी किसी अन्य गांव के खेल सकते हैं। प्रतियोगिता के दौरान जिस गांव या शहर में मैच होंगे, उसी गांव या शहर के प्रमुख लोगों से मैचों का प्रारंभ कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी मैच कबड्डी मैट पर कराए जाएंगे, जिसके लिए खिलाड़ियों को जूते पहनने अनिवार्य हैं। इन मैचों के नियम प्रो कबड्डी के अनुसार ही रहेंगे। किसी भी खिलाड़ी का वजन 85 किलोग्राम भार से ज्यादा नहीं होना चाहिए। यह मैच मेवात के पुन्हाना, नूंह, फिरोजपुर झिरका, नगीना, तावडू सहित पांच खंडों में हर शनिवार को लीग टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने बताया कि खेल के आयोजन के पीछे मेवात के लोगों की खेल प्रतिभा को सामने लाना उद्देश्य है। अब से पहले प्रथम मेवात प्रो कबड्डी लीग टीम विजेता गांधी ग्राम घासेड़ा रही थी, दूसरी बार लीग विजेता टीम बिस्सर रही थी, अब देखना है कि तृतीय मेवात प्रो कबड्डी लीग का ताज किसके सिर चढ़ता है।