School Open In UP: शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद शुक्रवार से गौतम बुद्ध नगर के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त प्राइमरी स्कूल खुल जाएंगे। 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक अवकाश रहा, जबकि 15 जनवरी को मकर संक्रांति की छुट्टी थी। अब नियमित पढ़ाई शुरू होगी।
School Open In UP: सर्दियों की लंबी छुट्टियों के बाद शुक्रवार से गौतम बुद्ध नगर के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त प्राइमरी स्कूलों में फिर से रौनक लौट आएगी। शीतकालीन अवकाश की समाप्ति के साथ ही बच्चे और शिक्षक एक बार फिर नियमित पढ़ाई की ओर लौटेंगे। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 15 जनवरी तक घोषित शीतकालीन अवकाश समाप्त हो चुका है और 16 जनवरी से स्कूलों को दोबारा खोला जा रहा है।
विज्ञापन
शिक्षा निदेशालय की ओर से 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था। इसके बाद 15 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहा। अब शुक्रवार से सभी प्राइमरी स्कूल अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगे। लंबे अवकाश के बाद स्कूल खुलने से न सिर्फ बच्चों में उत्साह है, बल्कि शिक्षकों ने भी नए सत्र की पढ़ाई की तैयारी पूरी कर ली है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जिले के सभी प्राइमरी स्कूल शुक्रवार को यथावत समय पर खोले जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि मौसम या अन्य परिस्थितियों के कारण अवकाश की आवश्यकता पड़ी, तो जिलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन
स्कूल खुलने से बच्चों की पढ़ाई फिर से पटरी पर आएगी और शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी आएगी। अभिभावकों ने भी स्कूल खुलने के फैसले का स्वागत किया है और बच्चों के नियमित स्कूल जाने की तैयारी शुरू कर दी है।