नूंह। केंद्र व प्रदेश की सरकार जमाखोरी पर सख्ती से निपटने का दावा कर रही है, लेकिन जिले में रोजमर्रा की वस्तुएं एवं तेल, तंबाकू आदि की जमाखोरी और कालाबाजारी की वजह से लोग परेशान हैं। रमजान माह में लोगों को दोगुनी से तीन गुनी तक कीमत अदा करनी पड़ रही है। हालांकि जिला प्रशासन ने दुकानदारों को इस संबंध में चेतावनी भी दी है, लेकिन इसके बावजूद इस महामारी में लोग मनमानी कर रहे हैं।
इमरान, जैकम, राहुल व प्रवीन ने बताया कि प्रशासन को दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। कई दिनों पूर्व अधिकारियों के निरीक्षण के कुछ समय बाद तक जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगी थी, लेकिन अब फिर से दुकानदारों ने मनमाने दाम वसूलना शुरू कर दिया है। ऐसे में प्रशासन को निगरानी कर हर जरूरत के सामान के रेट की लिस्ट को बाजार में सार्वजनिक करना चाहिए। तभी लोग जागरूक होंगे और दुकानदार सुधर सकेंगे। वहीं एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। अगर कोई दुकानदार कीमत से अधिक रुपये वसूल रहा है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की जमाखोरी व कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा इसकी रोकथाम के लिए अलग से टीम तैयार की गई है।