– कंपनियों को रोजगार देने के निर्देश, आज डीएम से मिलेंगे विस्थापित बेरोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। यमुना प्राधिकरण सभागार में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। बैठक में विस्थापित युवाओं को एयरपोर्ट निर्माण में नौकरी और कौशल प्रशिक्षण के रूपरेखा पर चर्चा की गई ।
एयरपोर्ट निर्माण से जुड़ी कंपनियों और वेंडरों को विस्थापित युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए। इसके लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया, जो रोजगार और प्रशिक्षण संबंधी प्रगति की नियमित समीक्षा करेगी। बैठक में लिए गए फैसलों से निराश युवा मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम से मिलकर अपनी मांग रखेंगे। विस्थापित बेरोजगार युवा कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड नौकरी का विरोध व स्थाई नौकरी की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि एयरपोर्ट में योग्यता के मुताबिक युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। केवल छह महीने की अस्थायी नौकरी ऑफर की जा रही है। बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के सीओओ क्रिस्टोफ श्लेमैन समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
—-
ऑफर लेटर में छह महीने बाद टर्मिनेशन का जिक्र
युवाओं का आरोप है कि कुछ लोगों को मिले ऑफर लेटर में छह महीने बाद टर्मिनेशन का जिक्र है। ऐसे में दोबारा बेरोजगार हो जाएंगे। जेवर के आर आर कॉलोनी में बसाए गए विस्थापित परिवारों के बेरोजगार युवा मंगलवार को जिला अधिकारी मेधा रूपम से मिल कर अपनी मांग रखेंगे।
—
स्थाई नौकरी की उम्मीद
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना के पहले फेज की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में छह गांव प्रभावित हुए हैं। इन छह गांवों में रोही, रनहेरा, दयानतपुर, बनवारीवास, किशोरपुर और पारोही गांव के तीन हजार से अधिक परिवार प्रभावित हैं। इनमें से बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है, जो स्थाई नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।