- 7 से 11 अगस्त तक लगेगा ऐतिहासिक मेला, हरिद्वार व गोमुख से कांवड़ लेकर जलाभिषेक करेंगे लाखों शिवभक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा।
खादर क्षेत्र के भाईपुर ब्रह्मनान गांव के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर ननकेश्वर महादेव (नानकेश्वर महादेवपुरम) पर महाशिवरात्रि पर्व को लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। यमुना की तलहटी में स्थित इस चमत्कारी मंदिर में हर वर्ष फाल्गुन और सावन मास में भव्य मेले का आयोजन होता है। इस वर्ष महाशिवरात्रि मेला 7 से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। हरिद्वार, गोमुख और अनूपशहर जैसे पवित्र स्थलों से पवित्र जल लेकर आने वाले हजारों कांवड़िए यहां मन्नतें मांगते हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से हवन, आरती और धार्मिक प्रवचन होंगे।
इनामी कुश्ती दंगल रहेगा मुख्य आकर्षण
मेले का मुख्य आकर्षण यहां होने वाला इनामी कुश्ती दंगल होगा। इस दंगल में नोएडा, अलीगढ़, बुलंदशहर सहित दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के नामी पहलवान अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। मेला कमेटी की ओर से दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों के ठहरने, खाने-पीने और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर जिले से भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहेगा।