सावन की शिवरात्रि पर 10 हजार कावड़िया और शिवभक्त करते हैं जलाभिषेक
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा।
सावन का महीना कुछ दिनों में शुरू होने वाला है। ऐसे में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। क्षेत्र के मंदिरों में भी जलाभिषेक और पूजा पाठ के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हरियाणा की सीमा पर खादर क्षेत्र के ऐतिहासिक शिव मंदिर नानकेश्वर महादेवपुरम पर भी विशेष तैयारियां हो रही है।
मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंघल बताते हैं कि भाईपुर गांव के पास यमुना की तल हटी में स्थित मंदिर का शिवलिंग 20 फीट ऊंचे टीले पर स्थापित है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 80 साल पहले इस मंदिर की स्थापना हुई थी। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजेश भाटी ने बताया कि अब यह मंदिर भव्य रूप धारण कर चुका है। यहां हर साल शिवरात्रि पर करीब 10 हजार से अधिक शिव भक्त जलाभिषेक करते हैं।
84 साल से लग रहा मेला
मेला कमेटी सावन में फाल्गुन में 84 वर्षों से मेले का आयोजन कर रही है। सावन शुरू होने के साथ ही मेले की तैयारी शुरू हो जाती है। कांवड़ियों के जलाभिषेक करने की भी उचित व्यवस्था होती है। मंदिर में शिवलिंग के साथ ही 10 से अधिक देवी देवताओं के मंदिर भी स्थापित हैं। सावन में स्थानीय लोगों के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु भोले बाबा का दर्शन करने पहुंचते हैं। पश्चिमी यूपी के बुलंदशहर समेत अन्य जिलों के शिव भक्त भी आते हैं।