कंटेंनमेंट जोन में गर्भवतियाें का उपचार करेगा स्वास्थ्य विभाग
नोएडा। जनपद का काफी बड़ा क्षेत्र कंटेनमेंट जोन में हैं। इसमें सैकड़ों की संख्या में गर्भवती भी हो सकती हैं। ऐसी महिलाओं के उपचार का बंदोबस्त स्वास्थ्य विभाग करेगा। स्वास्थ्य विभाग स्तर से 30 चिकित्सकों की टीम लगा दी गई है। अगर कोई गर्भवती किसी तरह की शिकायत करती है तो टीम तत्काल उसकी मदद करेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में सुविधाएं बाधित हैं। ऐसे में वहां रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं वंचित न होने पाएं। इसका भी ध्यान रखा जाना है जो खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित हैं। उन्हें तत्काल क्वारंटीन किया जा रहा है। काफी संख्या में ऐसी महिलाओं की भी जानकारी मिली है कि जो गर्भवती हैं। उन्हें उपचार की जरूरत है। अब स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं के मासिक क्रम के आधार पर उनका उपचार करेगी। यदि किसी महिला का प्रसव होने वाला है तो उसका भी इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा। 108 नंबर और 102 नंबर सेवा को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मेहनत का असर दिख रहा है। काफी संख्या में गर्भवती जिला अस्पताल व अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इन्हीं हॉटस्पॉटों से उपचार कराने पहुंच रही हैं।
-------
फेलिक्स अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं शुरू
नोएडा। कोरोना का मामला सामने आने पर सील हुए सेक्टर-137 के फेलिक्स अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की संक्रमण नियंत्रण टीम ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया था। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में कोरोना नियंत्रण को लेकर सभी गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम व्यवस्थाएं देखकर संतुष्ट हुई। उसके बाद ही अनुमति दी गई। ब्यूरो