फतेहाबाद । जिले की महिलाओं ने शुक्रवार को दिनभर करवा चौथ का व्रत रखकर पति की लंबी आयु की कामना की। इस दौरान मंदिरों और घरों में कथा सुनी गई। शहर और ग्रामीण अंचल आस्था, स्नेह और विश्वास के के रंग में रंगा नजर आया। पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। करवा चौथ का व्रत भारतीय संस्कृति में पत्नियों के अपने जीवनसाथी के प्रति अगाध प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
पूरे दिन मंदिरों और घरों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। सामूहिक तौर पर बैठकर महिलाओं ने करवा चौथ की कथाएं सुनीं। मोहल्लों और कॉलोनियों में एक साथ इकट्ठा होकर महिलाओं ने पूजा की तैयारियां की और एक-दूसरे को पर्व शुभकामनाएं दीं। सुहागिनें शाम तक करवा, मिट्टी के पात्र, पूजा सामग्री, फल, मिठाई और और कपड़ों की खरीदारी करती नजर आईं। खासकर, मिट्टी के करवा और छलनी की दुकानों पर विशेष भीड़ देखने को मिली।
ट्रस्ट की ओर से 800 महिलाओं को लगाई गई मेहंदी
केशव माधव सेवा ट्रस्ट एवं महिला समन्वय कार्य, फतेहाबाद की ओर से आयोजन करवा चौथ मेहंदी उत्सव 2025 हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम स्वर्णकार धर्मशाला, धर्मशाला रोड व समाधि स्थल, भट्टू रोड नजदीक मेन गली, अग्रवाल कॉलोनी में हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंजू मेहता, डॉ. ईला नारंग, डॉ. निधि संदूजा, डॉ मीनू चौधरी, डॉ मीनाक्षी बंसल ने शिरकत नी। मंच संचालन महिला समन्वय कार्य जिला प्रमुख ज्योत्सना बिश्नोई ने किया। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष एडवोकेट संदीप टांटिया ने बताया कि करीब 800 महिलाओं व लड़कियों ने मेहंदी लगवाकर करवा चौथ पर्व का उल्लासपूर्वक स्वागत किया। इस मौके पर संजय सोलंकी, एडवोकेट विकास शर्मा, हीरा लाल गुप्ता, नरेश बंसल, ममता गर्ग, अनिता वधवा आदि मौजूद रहे।