ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक 1 कोतवाली क्षेत्र के चूहड़पुर गांव के पास गुरुवार को बिजली का खंभा लगाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक बिजली कर्मचारी की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई। इस हादसे के बावजूद मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
जानकारी के अनुसार सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के चंद्रावली गांव का रहने वाला मुबारिक विद्युत विभाग में कार्यरत था। गुरुवार सुबह वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ चूहड़पुर गांव के पास बिजली का खंभा खड़ा करने का काम कर रहा था। इसी दौरान खंभा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट क्षमता की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।
तार की चपेट में आते ही मुबारिक तेज करंट की वजह से बुरी तरह झुलस गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसे होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। मृतक के चाचा साकिर का कहना है कि मुबारिक की शादी को महज करीब चार महीने ही हुए थे। अभी नई गृहस्थी शुरू ही हुई थी कि परिवार पर यह दुखद घटना टूट पड़ी। परिवार के लोग सदमे में हैं और हादसे से उबर नहीं पा रहे हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी।