- आजाद नगर में ट्रांसफार्मर फुंकने से 100 से अधिक घर-दुकान प्रभावित, नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद आपूर्ति बहाल
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद न्यूज एजेंसी यमुना सिटी/रबूपुरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच यमुना सिटी के कई इलाकों में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। कई स्थानों पर बार-बार बिजली गुल होने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं। इससे लोगों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है। रबूपुरा के आजाद नगर में तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इससे आजाद नगर और मीणा ठाकुरों के मोहल्ले के 100 से अधिक घर और दुकान प्रभावित रहे। बिजली नहीं होने के साथ पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई, जिससे लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया। शिकायत के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद खराब ट्रांसफार्मर हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया और आपूर्ति बहाल की गई।
बिजली कटौती पर आंदोलन की चेतावनी- रबूपुरा क्षेत्र में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या को लेकर राष्ट्रीय किसान यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी इकपाल सिंह सिवाच ने कहा कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से 50 से अधिक गांवों के लोग परेशान हैं। किसानों को धान की रोपाई में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो रबूपुरा बिजली उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कोट- खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। प्रभावित मोहल्लों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। -विनोद चौधरी, एसडीओ, बिजली विभाग