घरों में आ रहा कम वोल्टेज, लोगों का आरोप- शिकायत के बाद नहीं पहुंच रही टीम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। तापमान बढ़ने के साथ ही बढ़ी बिजली कटौती ने समस्या और भी बढ़ा दी है। घरों में आ रहे कम वोल्टेज की वजह से बिजली उपकरण खराब हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी विद्युत निगम की टीम समाधान के लिए नहीं पहुंच रही है।
बुधवार को भी शहर के कई सेक्टरों में बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। इस वजह से लोगों को गर्मी में दोपहर काटनी पड़ी। सेक्टर-76 के रहने वाले मेहुल राणा ने कहा कि मंगलवार की रात बिजली नहीं थी तो विद्युत निगम के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई। कॉल पर जल्द विद्युतकर्मी के पहुंचने का आश्वासन दिया लेकिन बाद में कोई नहीं पहुंचा। चार घंटे बीत जाने के बाद भी कोई फॉल्ट अटेंड करने नहीं पहुंचा। सेक्टर-49 निवासी मुकुल भाटी ने बताया कि बिजली की शिकायत करने के तीन घंटे बाद कर्मचारी पहुंचे। इतनी देर बगैर बिजली के रहना पड़ा। इसी तरह सेक्टर-20 और 122 में भी उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। हालांकि अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार का दावा है कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए टीम क्षेत्र में तैनात हैं।
किसी का टीवी खराब हुआ तो किसी का मिक्सर
उधर, घरों में लो वोल्टेज आने की वजह से उपकरण खराब हो रहे हैं। सेक्टर हरौला निवासी राजीव सिंह ने बताया कि घर का वोल्टेज इतना खराब आ रहा है कि टीवी खराब हो गई। बीते कुछ दिनों से लगातार ऐसी दिक्कतें हो रहीं हैं। सेक्टर-45 के रहने वाली विदूषी शर्मा ने बताया कि घर का मिक्सर वोल्टेज के कारण खराब हो गया है।