बांटे नहीं गए कोरोना से बचाव की जानकारी देने वाले पोस्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना से बचाव के तरीकों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए करीब 10 हजार पोस्टर अगस्त माह की शुरुआत में जिला गौतमुबुद्ध नगर को भिजवाए थे। जिला प्रशासन ने इन्हें बंटवाने की जिम्मेदारी जिला पंचायत विभाग को दी थी। पंचायत विभाग ने कुछ सरकारी महकमों को पोस्टर बांट दिए, वहीं करीब 2400 पोस्टर अब भी दफ्तर में धूल फांक रहे हैं।
शासन ने कोरोना से बचाव है आसान, इन सब बातों का रखें ध्यान... शीर्षक के साथ बने पोस्टर भेजे थे। इनमें सामाजिक दूरी का पालन करने, मास्क लगाने, खांसी बुखार या जुकाम होने पर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने, कोरोना की जांच कराने, इलाज कराने, धार्मिक स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर संक्रमण से बचाव संबंधी जानकारी दी गई थी। पंचायत विभाग को यह पोस्टर ब्लॉक स्तर पर भिजवाने थे। वहां से ग्राम विकास अधिकारी के जरिए गांवों में चस्पा किए जाने थे। लेकिन पंचायत विभाग ने इन पोस्टरों को दादरी, जेवर, दनकौर और बिसरख ब्लॉक पहुंचाने का इंतजाम नहीं किया। कुछ पोस्टर विभागों, भाजपा पदाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी के यहां भिजवा दिए गए। करीब 2400 पोस्टर पिछले 15 दिनों से पंचायत विभाग के कार्यालय में धूल फांक रहे हैं। किसी भी गांव में पोस्टर नहीं पहुंच पाए हैं।
कोरोना जागरूकता के पोस्टरों को ब्लॉकों में भेजने के लिए अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। शनिवार को चारों ब्लॉकों में गांव स्तर पर पोस्टर भेज दिए जाएंगे।
कुंवर सिंह यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर