पीलीभीत। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों से प्रदेश सरकार ने जनपद की चारों विधानसभाओं के चार महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण की स्वीकृति दी है। लगभग सात किलोमीटर लंबाई वाले इन मार्गों के निर्माण पर करीब पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
जिले में विकास को नई गति देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने चार प्रमुख सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जितिन प्रसाद ने प्रयास किए थे। स्वीकृत सड़कों में सदर विधानसभा क्षेत्र से तेजनगर से कुकरीखेड़ा रोड होते हुए ग्राम पंचायत सरौरा तक का मार्ग, बरखेड़ा विधानसभा में अभयपुर मार्ग से बंगला उर्फ मित्रसेन रेलवे फाटक तक संपर्क मार्ग, पूरनपुर विधानसभा में चांदपुर से हरदोई ब्रांच नहर होते हुए देवीपुर तक संपर्क मार्ग, बीसलपुर विधानसभा में मुड़िया कुंडरी संपर्क मार्ग पर गांव जगीपुर जैतपुर से कोकिला तक संपर्क मार्ग शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के कृषि, व्यापार और शिक्षा क्षेत्रों को भी नई दिशा मिलेगी।
लंबे समय से ग्रामीण इन सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे थे, अब स्वीकृति मिलने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इन चारों संपर्क मार्गों के निर्माण से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त आधार मिलेगा।