बाघ मित्र अतुल सिंह को प्रमाण पत्र सौंपते वन अफसर। स्रोत विभाग
पीलीभीत। सप्त सरोवर में विश्व वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को पांच इको विकास समितियों का रेंज स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार ने बाघ मित्र इको विकास समिति के गठन, प्रबंधन, कर्तव्यों-अधिकारों आदि की जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण के मुख्य अतिथि एसडीओ रमेश चौहान ने बताया कि सामाजिक आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए बाघ मित्र निस्वार्थ कार्य कर रहे हैं। यह वन्यजीव संरक्षण के लिए जरूरी है। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में 2019 में बाघ मित्र समितियां गठित की गईं। इनका उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने, वन्यजीव प्रबंधन, अवैध शिकार रोकने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है। अफसरों के मुताबिक, रिजर्व की विभिन्न रेंज में 130 बाघ मित्र कार्यरत हैं। क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं कम हुई हैं।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी देवल कदम, राहुल कुमार, समिति अध्यक्ष अतुल सिंह, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।