24 घंटे में जिले में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सोमवार देर रात हुई बारिश के बाद से शहर का मौसम सुहाना बना हुआ है। मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर के समय कुछ जगहों पर हल्की धूप की आवाजाही लगी रही और कुछ जगह पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। वहीं, शाम 4 बजते ही धूप तेज हो गई और आसमान पहले जैसा साफ हो गया। वहीं, पिछले 24 घंटे में जिले में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई।
मंगलवार को जारी हुई भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को जिले में 98 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। पूर्वानुमान के मुताबिक इस सप्ताह 22 से 27 जुलाई तक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो सकता है और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। बारिश के दौरान शहर की वायु गुणवत्ता बेहतर श्रेणी में बनी हुई है। ऐसे में मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 66 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 73 ग्रीन जोन में दर्ज किया गया।