नोएडा। पीआरवी सवार पुलिसकर्मियों ने पिछले आठ माह में सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या करने जा रहे छह लोगों की जान बचाई है। जान बचाने के बाद पुलिस टीम ने इनकी काउंसलिंग करवाई ताकि यह वापस सामान्य जीवन जी सके और दोबारा आत्महत्या का प्रयास न करें।
पीआरवी टीम को 21 अगस्त को दादरी के तुलसी विहार में आत्महत्या करने जा रहे युवक के बारे में सूचना मिली थी। टीम लोकेशन ट्रैक कर मौके पर पहुंची और वहां रेलवे ट्रैक पर बैठे युवक को समझाकर उसकी जान बचाई। वहीं, 2 अगस्त को गिरधरपुर रोड छपरौला से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कमरे का दरवाजा बंद कर फंदा लगाने का प्रयास कर रहा है। टीम ने तत्परता से दरवाजा तोड़ा और फंदे पर लटके युवक को नीचे उतारकर काउंसलिग की।
इसी तरह कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र की पीआरवी को 27 जून को सूचना मिली थी कि सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में कूदकर एक युवती आत्महत्या का प्रयास कर रही है। पीआरवी टीम मौके पर पहुंची उसे कूदने से रोका। 12 जून को गृह क्लेश में जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इससे उसकी जान बच गई। 11 जून को महागुन सोसाइटी, सेक्टर-78 में शराब के नशे में एक शख्स कमरे का दरवाजा बंद कर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फंदे पर लटके युवक को नीचे उतारकर सीपीआर दिया और अस्पताल में भर्ती करवाया। इस कारण उसकी जान बच गई। 19 मई को सूरजुपर में फंदा लगाने जा रहे एक शख्स को भी पीआरवी सवार पुलिसकर्मियों ने बचा लिया।