मुरादाबाद। मुगलपुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बने शिक्षकों के आवास को पुलिसकर्मियों ने कब्जा कर लिया है। आवास को खाली करने के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से कई बार नोटिस जारी किया गया। लेकिन अभी तक पुलिसकर्मियों ने आवास खाली नहीं किया।
राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के रहने के आवास बनाया गया है। इसमें 20 कमरे हैं। कमरे जर्जर हो चुके हैं। इसके कारण इसमें शिक्षकों ने रहना बंद कर दिया। इसके बाद जर्जर भवन को पुलिसकर्मियों ने कब्जा कर लिया। इसमें करीब 10 साल से पुलिसकर्मी रह रहे हैं। एक साल पहले इस भवन को निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया गया है। प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने बताया कि शिक्षकों के लिए बने आवास के कमरों में यदि कोई पुलिसकर्मी कमरा खाली करता है तो उसके स्थान पर दूसरा पुलिसकर्मी आकर रहने लगता है। कमरे के बार लगे मीटर पर पुलिसकर्मी का नाम और कमरा संख्या लिखा है। भवन जर्जर हो चुका है। कभी भी कोई दुर्घटना घटित हो सकती है। इसको लेकर कई बार पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया गया लेकिन अभी तक किसी ने खाली नहीं किया।
00
चार महीने बाद भी नहीं मिली वैल्यूएशन रिपोर्ट
- राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के रहने के लिए बनी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। इसे पीडब्ल्यूडी ने निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया है। प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने चार महीने से वैल्यूएशन रिपोर्ट नहीं दी है। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में संबंधित अधिकारियों से पूछे जाने पर बताया जाता है कि वैल्यूएशन रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी कार्यालय को भेज दिया गया है। जिला अधिकारी कार्यालय पूछे जाने पर बताया जाता है कि अभी तक पीडब्ल्यूडी से कोई रिपोर्ट नहीं आई है। इसके कारण नीलामी और ध्वस्तीकरण कराने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि यदि वैल्यूएशन रिपोर्ट नहीं मिलेगी तो आगे की कार्यवाही रुकी रहेगी। बिल्डिंग के सामने कॉलेज में विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है। बिल्डिंग को लेकर हमेशा भय का माहौल बना रहता है।