पुलिसकर्मी बन बहुराष्ट्रीय कंपनी के प्रबंधक की कार लूटी, केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थानाक्षेत्र स्थित एक्सपो मॉर्ट के पास बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बहुराष्ट्रीय कंपनी के प्रबंधक की कार लूट ली और फरार हो गए। इसी कार से प्रबंधक की पत्नी बुधवार को शुरू हुए हस्तशिल्प मेले में आई थी। कार चालक ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने हुआ नजर आया है।
दिल्ली के वसंत कुंज निवासी हितेश एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में प्रबंधक हैं। इंडिया एक्सपो सेंटर में हस्तशिल्प मेले में उनकी पत्नी को आना था। इस पर हितेश ने अपनी कार से पत्नी एक्सपो मॉर्ट भेजा था। बताया जाता है कि हितेश की पत्नी एक्सपो मार्ट में चली गईं। जबकि चालक राकेश कार को एक साइड में लगाकर बैठ गया। इस दौरान अपने को पुलिसकर्मी बताने वाले दो बदमाश चालक के पास पहुंचे और गाड़ी के नो पार्किंग जोन में खड़ी होने के चलते चालान काटने की बात कही और यह कहकर दोनों कार के अंदर बैठ गए। बकौल राकेश, एक बदमाश ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। बदमाशों ने उसे झांसा दिया कि गाड़ी थाने लेकर जानी पड़ेगी। कुछ दूर चलने के बाद बदमाशों ने सिगरेट और गुटखा लाने की बात कहकर चालक को गाड़ी से उतार दिया। चालक के उतरते ही बदमाश कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
शिकायत के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। - अरविंद पाठक, नॉलेज पार्क, कोतवाली प्रभारी