ग्रेनो वेस्ट की पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में इंजीनियर के 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला
-पुलिस ने कहा, झगड़े की मिली थी सूचना, उस समय जान बचाने के लिए घायल को अस्पताल में भर्ती कराना था प्राथमिकता
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में इंजीनियर की आत्महत्या से जुड़ा वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें आरोप लगाया गया है कि पुलिस घायल को बाइक पर अस्पताल लेकर गई। एंबुलेंस या पीसीआर की व्यवस्था नहीं की। पुलिस का कहना है कि झगड़े की सूचना पर टीम वहां पहुंची थी। तभी इंजीनियर 16वीं मंजिल से नीचे कूदा था। उसकी जान बचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार करने की जगह तत्काल अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दी गई।
सोसाइटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को विवाद बढ़ने पर पत्नी के साथ मारपीट की और बीच बचाव करने पहुंची साली पर चाकू से हमला कर दिया था। उसके बाद 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को इसी घटना का वीडियो वायरल हुआ। उसमें आरोप है कि पुलिस घायल को बाइक पर लेकर अस्पताल गई थी। इससे लोगों में काफी रोष है।
कोतवाली के प्रभारी का कहना है कि इंजीनियर की पत्नी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी पुलिस से बाइक सवार दो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। तभी इंजीनियर ऊपर से कूद गया। नीचे गिरने की आवाज सुनकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वह जिंदा थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने को प्राथमिकता दी गई और बिना किसी इंतजार के बाइक से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वीडियो वायरल कर पुलिस की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।