ट्रक से 980 मोबाइल चोरी में पुलिस ने शुरू की जांच
- 27 मई का है मामला, पहले दिल्ली में दर्ज किया गया था केस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो से 27 मई को दिल्ली के लिए ट्रक से रवाना किए गए चीन की कंपनी के लाखों की कीमत के 980 मोबाइल चोरी के मामले में अब ईकोटेक-1 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहले इस मामले में दिल्ली में ऑनलाइन एफआईआर की गई थी। बाद में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को स्थानांतरित किया गया था।
अब ईकोटेक-1 थाना पुलिस ने ट्रक चालक व मुंशी पर केस दर्ज किया है। इसमें कहा गया कि 27 मई को बड़ी संख्या में मोबाइल दिल्ली के द्वारका सेक्टर-28 भेजे गए थे, लेकिन निर्धारित समय में मोबाइल दिल्ली नहीं पहुंचे। जीपीएस चेक किया गया तो ट्रक तय रूट से अलग रिंग रोड पर खड़ा मिला और उसका चालक नीरज कुमार लापता था। इस पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुमित कुमार ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई। ईकोटेक-1 थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने बाद में जीरो एफआईआर दर्ज कर उनके थाने भेज दी।
-
एसटीएफ ने किया था खुलासा
जून में एसटीएफ ने चोरी के मोबाइल अगरतला के रास्ते बांग्लादेश भेजने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला था कि आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर के यहां अपने साथी को चालक की नौकरी दिलाकर वारदात कराई थी। दरअसल इस गिरोह ने 24 मई को हरियाणा के बिलासपुर जाने के दौरान 280 मोबाइल चोरी किए थे। ये मोबाइल गुजरात निवासी कासिम को बेचे गए। कासिम ने दिल्ली के रामसंस कार्गो के माध्यम से त्रिपुरा निवासी आमिर हुसैन को ये मोबाइल भेजे। आमिर ने इन्हें तस्करी कर बांग्लादेश भेज दिया। एसटीएफ के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया था कि दिल्ली से चोरी हुए 980 मोबाइल अलीगढ़ के अभिषेक ने चोरी किए हैं। अभिषेक पूर्व में भी करोड़ों के मोबाइलोें की चोरी में जेल जा चुका है।