नशीला पेय पिलाकर घरेलू सहायिका ने 10 लाख चुराए
पीड़ित प्रधानमंत्री से लेकर अन्य राजनेताओं के लिए स्पीच ट्रांसलेटर का करते हैं काम, चलाते हैं एजेंसी
कोतवाली फेज-टू क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में हुई घटना, पुलिस कर रही जांच, आरोपी महिला फरार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-93 की एक सोसाइटी में रहने वाले स्पीच ट्रांसलेटर रामकुमार को नशीला पेय पिलाकर घरेलू सहायिका ने पति के साथ मिलकर 10 लाख रुपये चुरा लिए। पीड़ित प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं के लिए स्पीच ट्रांसलेटर का काम करते हैं। इसके अलावा वह एक एजेंसी भी चलाते हैं। कोतवाली फेज-टू पुलिस ने आरोपी घरेलू सहायिका सोनिया खान और उसके पति हाफिज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में रामकुमार ने बताया कि उनका परिवार रुड़की में रहता है। वह यहां कभी-कभी ही आते हैं। इस दौरान घरेलू सहायिका को बुलाते हैं। वह उनके यहां 10 सालों से खाना बनाने के लिए आ रही है। 13 अगस्त को टीम के साथ स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए कुछ साथियों के साथ दिल्ली जाना था। एंट्री का पास भी उनकी कार पर ही लगा हुआ था। रोज की तरह वह सुबह उठे तो एक घरेलू सहायिका घर की साफ-सफाई कर चली गई।
वहीं, दूसरी घरेलू सहायिका सोनिया सुबह नौ बजे खाना बनाने के लिए आई। सोनिया ने साफ-सफाई में मदद के लिए पति हाफिज को भी बुला लिया। सोनिया ने करीब 10 बजे रामकुमार को पीने के लिए दूध दिया। दूध पीने के बाद रामकुमार की तबीयत खराब होने लगी। इस वजह से वह फुल ड्रेस रिहर्सल कार्यक्रम में नहीं गए। उन्होंने अपनी स्टीकर लगी कार साथियों को दी दी।
सुबह 11 बजे के बाद उनके एक साथी का कॉल आया। उसने किसी बुकिंग को लेकर ओटीपी पूछा तो वह न बोल पा रहे थे और न ही लिख पा रहे थे। इसके बाद साथी फ्लैट पर आ गई और नौकरानी से ध्यान रखने की बात कहकर चली गई। करीब तीन बजे उनकी तबीयत और बिगड़ने लगी तो उनके साथियों ने उन्हें सेक्टर-128 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि नशे का ओवरडोज लेने से तबीयत बिगड़ी है। रात में रामकुमार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। 14 अगस्त की सुबह कमरे में सामान इधर-उधर देखकर उन्होंने लॉकर खोला तो उसमें से 10 लाख रुपये गायब थे। शक होने पर सोनिया और हाफिज को फोन मिलाया तो उनके नंबर बंद थे। एसीपी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।