पुन्हाना/नगीना। हरियाणा राज्य अपराध शाखा गुरुग्राम एएचटीयू टीम व चेतनालय चाइल्ड लाइन नूंह ने नगीना से कई बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया है। साथ ही जिन दुकानों से बाल मजदूर पकडे़ गए, उनको भविष्य में बाल मजदूर नहीं रखने की सख्त चेतावनी दी गई। बाल मजदूरी में लिप्त बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बाल मजदूरी करने की बजाय शिक्षा के बारे प्रेरित किया।
राज्य अपराध शाखा गुरुग्राम से सब इंस्पेक्टर विनोद, कांस्टेबल विजय व नन्द किशोर कांस्टेबल व चाइल्डलाइन से राशिद व रजिंदर कौर ने नगीना थाने की टीम के सहयोग से नगीना में रेस्क्यू किया। जिसमें नौ बच्चे बिल्डिंग, मोटरसाइकिल मैकेनिक व ढाबा की दुकान पर बाल मजदूरी करते पाए गए। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति नूंह के सामने पेश किया गया। सीडब्लूसी सदस्य विनोद कुमार, संजय कुमार ने सभी दुकानदारों को बुलाया व उनसे लिखित में हलफनामा लिया। दुकानदारों को चेतावनी दी कि अगर आगे से बच्चों से काम करवाया तो सख्त कार्रवाई होगी। बाल कल्याण समिति नूंह ने चेतनालाय से राजेन्द्र कौर से बच्चों की काउंसलिंग करवाई। इसके साथ ही बच्चों के परिजनों को बुलाया गया और पढ़ाई का महत्व बताया गया।
सीडब्ल्यूसी सदस्य विनोद कुमार ने बताया कि 18 साल से कम आयु के बच्चों से काम करवाना अपराध है। अगर किसी को भी बच्चे काम करते दिखाई देते है तो चाइल्ड हेल्पलाइन नम्बर 1098 पर फोन कर सकते हैं। 6 साल से 18 साल तक के बच्चों के लिये बाल कल्याण समिति बनाई हुई है। अनाथ बच्चों के लिये अपने नूंह जिले में 3 बालगृह बने हुई है। जिसमें सभी अनाथ व जरूरतमंद बच्चे रहते हैं। इस दौरान बच्चो के घरवालों ने कहा कि हम आगे से बच्चों को काम नही करवाएंगे और बच्चों को गांव के स्कूलों में शिक्षा के लिये भेजेंगे। इस मौके पर बाल कल्याण समिति के सदस्य ममता सिंह, संजय कुमार, दिनेश कुमार ,विनोद कुमार उपस्थित रहे।