- तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा, छह पालियों में 42,048 अभ्यर्थी होंगे शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 20 केंद्रों पर सोमवार से 10 जून तक पुलिस भर्ती परीक्षा कराई जाएगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में तीन दिनों तक 42,048 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा से पहले पुलिस आयुक्त व प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। हर केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं प्रश्नपत्र वायरल होने की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर 1008 से अधिक शिक्षकों की तैनाती की गई है। हर केंद्र पर सेक्टर से लेकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र पर डाॅक्यूमेंट की जांच के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया से होकर गुजरना होगा। यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की तरफ से इंतजाम किए गए हैं। सभी 20 केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। प्रवेश द्वार से लेकर भीतर परीक्षा कक्ष तक अभ्यर्थी कड़ी निगरानी में रहेगा। अंदर परीक्षा कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
कंट्रोल रूम केंद्र पर बनाया गया है। यह सभी कंट्रोल रूम जिले के पुलिस लाइन में बनाए गए परीक्षा कक्ष से लाइव देखे जा सकेंगे। परीक्षा बिना बाधा संपन्न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली है। एलआईयू के साथ ही एसटीएफ जैसी बड़ी यूनिट भी अपने स्तर से परीक्षा पर नजर रखेंगी। अलग अलग टीमें बनाई गई हैं जो पूर्व की परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों से लेकर नये चेहरों पर नजर बनाए हुए है।
इन वस्तुओं के ले जाने पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर कई वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी अपने साथ पेपर, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, पर्स, कैप, चश्मा, ज्वेलरी तथा किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, पेन ड्राइव, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, चाबी सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की जांच के दौरान कलावा और मंगलसूत्र उतरवाने की आवश्यकता नहीं होगी।
सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
उच्चाधिकारियों ने सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, स्वाॅट टीम, साइबर सेल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और अन्य पुलिस बल को भी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।