प्रतिबंधित डॉक्यूमेंट्री देखने के दौरान हंगामे का मामला
एक छात्र की बनी एमएलसी, नहीं है अंदरूनी चोटें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जेएनयू कैंपस में मंगलवार रात प्रतिबंधित डॉक्यूमेेंट्री इंडिया : द मोदी क्वेश्चन देखने के दौरान विवाद मामले में वसंतकुंज (नार्थ) थाना पुलिस को बुधवार को तीन शिकायतें मिली हैं। दो शिकायतें एबीवीपी और एक शिकायत आईसा की ओर से दी गई है। हालांकि, इस मामले में पुलिस को मंगलवार रात व बुधवार को किसी तरह की पीसीआर कॉल नहीं मिली। वहीं, जेएनयू कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कैंपस में पथराव की बात से इंकार किया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एबीवीपी की ओर से दो शिकायतें दी गई हैं। एक शिकायत पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आईसी घोष ने दी है। आईसी घोष ने चार लाइन की शिकायत दी है। एक वामपंथी छात्र की एमएलसी बनी है। एमएलसी में छात्र को अंदरूनी चोटें नहीं लगने बात है। कैंपस में पत्थरबाजी होने की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर पत्थरबाजी होती तो किसी को चोट लगती, लेकिन किसी को चोट नहीं लगी है। विवाद के बाद जब छात्र जेएनयू के गेट पर आए थे तो वहां तैनात पीसीआर को अनौपचारिक रूप से जानकारी दी गई थी। जेएनयू प्रशासन ने भी पुलिस को किसी तरह की सूचना नहीं दी है। इसके बावजूद जेएनयू की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।