विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री को धमकी देने के मामले में दूसरे पक्ष के लोग बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। इन लोगों ने मुकदमे को झूठा बताया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी से मुलाकात न होने पर नाराज लोगों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। बाद में सीओ सिटी ने समझा-बुझा कर उन्हें शांत किया।
विश्व हिंदू महासंघ के सहमंडल प्रभारी प्रशांत मिश्र ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी। उनके साथ काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशांत ने बताया कि दो अक्तूबर को उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें हमलावर उन्हें मरा समझकर छोड़कर चले गए थे। इस मामले में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। इसके साथ जानलेवा हमले की धाराएं हटा दी गई हैं। प्रशांत ने आरोप लगाया कि विहिप के जिला मंत्री को मिली धमकी मामले में उन्हें गलत फंसाया गया है। साजिश के तहत पिछले मुकदमे में दबाव बनाने के लिए खिलाफ उन पर मुकदमा लिखा गया है। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।