45 टीमों ने नौ थाना क्षेत्रों में चलाया अभियान, 19 वाहन सीज, 327 लोगों पर भी हुई कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सड़क पर शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने शुक्रवार रात सख्त अभियान चलाया। नौ थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1,922 वाहनों और 2,068 लोगों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 471 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 19 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 327 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने अभियान की निगरानी की। इसके लिए 45 पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था। टीमों ने सेक्टर-20, 39, 126, 24, 58, फेज-1, 49, 113 और एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्रों के 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और औद्योगिक क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।