मुकदमों की छानबीन में जुटी पुलिस, परिजनों की सुरक्षा बढ़ाई
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-36 निवासी अधिवक्ता फतेह मोहम्मद खान की हत्या के बाद परिजनों की सुरक्षा के लिए घर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। हत्यारोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने अधिवक्ता के उन केसों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, जिनमें वह हाल में जीते थे या जल्द जीत सकते थे। इसके अलावा पुलिस रुपयों को लेकर हुए विवाद व अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं, लेकिन ठोस जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है।
अधिवक्ता फतेह मोहम्मद खान हत्याकांड में किसी पेशेवर अपराधी द्वारा सुपारी लेकर वारदात करने और किसी अन्य द्वारा साजिश रचने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में वारदात की पैरवी कर रहे परिजनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। इस कारण से आलाधिकारियों के निर्देश पर अधिवक्ता के घर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। अधिवक्ता के केस लड़ने की फीस लेने के बजाय जीती गई संपत्ति का 60 फीसदी हिस्सा लेने की जानकारी पर पुलिस ने जांच का विस्तार बढ़ा दिया है। आशंका है कि किसी बड़ी संपत्ति वाला केस जीतने पर बड़े हिस्से को लेकर साजिश रची गई हो। हालांकि, धनतेरस वाले दिन धमकी देने वाले आरोपियों के संबंध में भी गहनता से जांच जारी है। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस की सर्विलांस और साइबर सेल की टीम सैकड़ों मोबाइल नंबर जुटाकर पड़ताल में जुटी है।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कुछ सुराग लगे हैं, लेकिन ठोस जानकारी नहीं हो पाई है। आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- राजेश कुमार सिंह, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा