यमुनानगर। नशे में वाहन चलाते लोग अपने साथ दूसरों के लिए भी खतरा बन रहे हैं। हालांकि पुलिस जागरूक करने के साथ चालान कर रही है, इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। जिला पुलिस अपने विशेष अभियान के तहत 21 दिन में 68 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाकर पकड़ चुकी है। इनके ड्रंक एंड ड्राइव के चालान कर पुलिस ने दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी भी दी है।
जिला पुलिस की ओर से सड़क हादसों में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें खासकर गलत दिशा में वाहन चलाने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं। 29 सितंबर से पांच अक्तूबर तक लेन चेंज के 186 व ड्रंक एंड ड्राइव के 29 चालान किए गए।
विज्ञापन
ऐसे ही छह से 12 अक्तूबर तक लेन चेंज के 222 व ड्रंक एंड ड्राइव के 24 चालान हुए। इसी तरह, 13 से 19 अक्तूबर तक लेन चेंज के 151 व ड्रंक एंड ड्राइव के 15 चालान किए गए हैं। यातायात थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुशल पाल राणा ने बताया कि एसपी ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन दृढ़ता से कराया जाए। इसके तहत ड्रंक एंड ड्राइव व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान किए जा रहे हैं।