भीमपुरा। तीन दिन पहले नगरा कस्बे में अप्रशिक्षित महिला चिकित्सक की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत के बाद मंगलवार को देर शाम दोनों के शव गांव कसेसर में लाए गए। परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। मुआवजे की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही सीओ रसड़ा सहित कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार कराया। पुलिस ने झोलाछाप को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के कसेसर निवासी मंगरू प्रसाद की 38 वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी और नवजात शिशु की एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद अप्रशिक्षित महिला चिकित्सक अपने स्टाफ के साथ भाग गई। जच्चा-बच्चा की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग और बसपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। महिला चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, निजी क्लीनिक को सील करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर पूरे दिन हंगामा हुआ।
तहसील प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जच्चा-बच्चा का शव भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर गांव पहुंचा। शव पहुंचने की जानकारी पर सैकड़ों की संख्या में बसपा कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र हो गए। बिना मुआवजे और आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इन्कार कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए और शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
सीएमओ को ठहराआ जिम्मेदार
आजाद अधिकार सेना के जिला उपाध्यक्ष सिंहासन चौहान ने जच्चा बच्चा मौत के मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार को पत्र लिखकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। पत्र में कहा कि जिले में सैकड़ों ऐसे निजी अस्पताल चल रहे हैं, जहां न तो योग्य चिकित्सक हैं और न ही जीवन रक्षक उपकरण। कई अस्पताल फर्जी या दूसरों की डिग्री पर संचालित हो रहे हैं। ऐसे अस्पतालों को मान्यता देने और उनकी नियमित जांच न करने के लिए सीएमओ जिम्मेदार हैं।
-
प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में झोलाछाप को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। इस घटना में और लोगों की संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में भी दो जगहों पर छापा मारा है। - आलोक गुप्ता, क्षेत्राधिकारी, रसड़ा