-फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से देते थे जालसाजी को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले की साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपनी पहचान छुपाकर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए आम लोगों से ठगी करने वाले तीन शातिर साइबर ठगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान पुत्र अली शेर निवासी छारोडा थाना सदर तावडू, सोभान अली पुत्र अब्दुल कलाम निवासी सुनारी बाजार थाना लखीमपुर गोलपारा उत्तर प्रदेश तथा समीर पुत्र रसीद निवासी दोंदड़ी, कैथवाड़ा, भरतपुर राजस्थान के रूप में हुई है। जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार साइबर पोर्टल पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज थी, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने आरोपियों का पता लगाकर छापेमारी की।पुलिस ने समीर को नलहड़ रोड पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। यह आरोपी फर्जी प्रोफाइल बनाकर ऑनलाइन रूम बुकिंग के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था और धोखाधड़ी करता था। उसके खिलाफ पहले से भी कई शिकायतें दर्ज हैं। वहीं रिजवान और सोभान अली को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है, जिन पर धोखाधड़ी और चीटिंग के आरोप हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना नूंह में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों से फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। मामले की जांच जारी है।