शुक्रवार को पुलिस ने गुर्जरपुर रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर आरोपी को घेरने का प्रयास कर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई और मुठभेड़ के उपरांत उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 6 मई को शीशपाल और इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र के साथ ग्रेटर नोएडा के निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने आया था।
मृतक की आरोपी की बहन से थे अवैध संबंध
मृतक शीशपाल का अपने बहनोई राजू के मेरठ स्थित घर जाना आना था। वहीं पर पड़ोस में अभिषेक भी रहता था। शीशपाल के आरोपी की बहन से पहले संबंध रहे थे। जिसको लेकर दोनों मजदूर उसे लगातार ताने मारते थे। इसी बात से परेशान होकर उसने दोनों की हत्या की योजना बनाई थी। वारदात वाले दिन उसने दोनों को शराब पिलाई। जबकि खुद कम शराब पी ताकि होश में रहे। रात में जब दोनों नशे में सो गए तो उसने फावड़े से शीशपाल पर कई वार किए। शोर सुनकर इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र जाग गया तो आरोपी ने उसकी भी फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
घटना स्थल पर मिला था खून से सना फावड़ा
सीताराम एसआरएम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो माली की हत्या कर दी गई थी। डबल मर्डर से निर्माणाधीन साइट पर सनसनी फैल गई थी। डबल मर्डर की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को घटना स्थल से खून से सना हुआ फावड़ा, शराब की खाली बोतलें मिली थी।