दोहरे हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। देर रात पुलिस को उसके क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि घटना वाली रात वह मृतक इंद्र और शीशपाल के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दोनों उससे मजाक करने लगे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे मजाक बिल्कुल पसंद नहीं है और शराब के नशे में वह अपना आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पास में पड़े फावड़े से पहले इंद्र के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से इंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पहली हत्या के बाद आरोपी को डर था कि शीशपाल घटना की जानकारी पुलिस या अन्य लोगों को दे देगा। इसी आशंका में उसने शीशपाल के सिर पर भी फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। दोहरी हत्या को अंजाम देने के बाद भी आरोपी मौके से तुरंत नहीं भागा।
वह करीब चार घंटे तक वहीं बैठकर शराब पीता रहा
सुबह होने पर उसने शौच जाने का बहाना बनाया और निर्माणाधीन हॉस्टल में तैनात सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।