नूंह। चोरी कर वाहनों मालिकों से फिरौती मांगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 5,000 रुपये के इनामी बदमाश लियाकत को उसके साथी परवेज उर्फ बोलर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके कब्जे से चोरी की 38 मोटरसाइकिल और एक टाटा-407 गाड़ी भी बरामद की है।
नूंह सीआईए इंचार्ज अमित कुमार द्वारा गठित टीम ने 24 अक्तूबर की रात सूचना पर आरोपियों को नूंह होडल रोड कैराका मोड़ पर नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। अमित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि लियाकत निवासी देवला व परवेज उर्फ बोलर निवासी धौज (फरीदाबाद) कई सालों से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बदमाश लियाकत कई मुकदमों में वांछित है। सूचना मिली कि दोनों बदमाश टाटा-407 गाड़ी में चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए गांव देवला से नूंह होते हुए दिल्ली मायापुरी जा रहे हैं। नाकाबंदी कर दोनों को काबू कर लिया गया। इंजन पर अंकित नंबर से पता चला कि बाइक पटौदी, फरीदाबाद, अलवर व दिल्ली की हैं। पूछताछ के बाद देवला नंगली गांव में हरियाणा और पड़ोसी राज्य दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 27 बाइक बरामद की।