ग्रेनो वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स व किंग्सवुड सोसाइटी में एजीएम के घर चोरी का मामला
पुलिस ने फुटेज में दिखी 100 से अधिक महिलाओं की जानकारी निकाली पर फिर भी हाथ खाली
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स व किंग्सवुड सोसाइटी में एजीएम के घर चोरी करने वाली महिला का पुलिस अब तक पता नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लॉबी और लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरा नहीं है।
प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जहां 100 से अधिक महिलाओं को चिन्हित कर पहचान कराने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से भी घटना की अलग-अलग जानकारी दी जा रही है। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है। सोसाइटी में रहने वाले धर्मेंद्र मिश्रा एक निजी कंपनी में एजीएम के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार को घर पर उनकी मां और छह माह की बेटी थी। तभी एक महिला घरेलू सहायिका बनकर वहां पहुंची लेकिन बुजुर्ग महिला ने बाद में आने की बात कही। आरोप है कि आरोपी महिला ने घर देखने के बहाने दरवाजा खुलवा लिया। उसके बाद महिला ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर बेहोशी की दवा फेंक दी। बेहोश होने के बाद आरोपी महिला लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। प्रवेश द्वार के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से 100 से अधिक महिलाओं में से पहचान करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं महिला के बयान में भी अंतर आ रहा है। पीड़ित बुजुर्ग आरोपी महिला को पहचान नहीं सकती है। कभी वो पुरुष आरोपी बता रही हैं। डीसीपी शैव्या गोयल का कहना है कि प्राथमिक जांच में घटना हुई है लेकिन क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।