हेड कांस्टेबल के हमलावरों की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रही है रंजिश
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। शादी समारोह में शामिल होने आए हेड कांस्टेबल और उनके बेटे पर जानलेवा हमला करने वालों की तलाश में पुलिस गैर जनपदों में भी दबिश दे रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जो रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही हैं।
वहीं आसपास के जिन इलाकों में आरोपियों के मिलने की संभावना है, वहां दबिश दी जा रही है। यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ब्रह्मजीत की तैनाती अलीगढ़ में है। वह बृहस्पतिवार को अपने बेटे के साथ गांव आछेपुर शादी समारोह में शामिल होने आए थे। यहां उनके भाई के हत्यारे सतपाल ने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर हेडकांस्टेबल और उनके बेटे पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया था। इसमें फायरिंग करने के भी आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस ने सतपाल, सतीश, ललित, गौरव, विवेक और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही है। सतपाल ने ब्रह्मजीत के भाई हरिवंश की हत्या कर दी थी, इस मामले में सतपाल और उसके भाई सतीश को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। दोनों जमानत पर रिहा हुए थे और कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया। रबूपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।