बिजली कनेक्शन के लिए लखनऊ जा रहे लोगों को पुलिस-प्रशासन ने रोका
-कुलेसरा व आसपास के गांव के डूब क्षेत्र में रहने वाले निवासी कनेक्शन नहीं मिलने से परेशान
-एसडीएम सदर ने मौके पर पहुंचकर तीन दिन में सभी बिंदुओं पर वार्ता करने का दिया आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कुलेसरा, लखनावली और सुथ्याना गांव के डूब क्षेत्र के निवासियों ने रविवार सुबह बिजली कनेक्शन और आपूर्ति की समस्याओं काे लेकर लखनऊ के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उनको कुलेसरा पुलिस चौकी के पास रोक दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने एनपीसीएल को हादसों की आशंका को लेकर तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही निवासियों को तीन दिन के अंदर वार्ता करने का आश्वासन दिया है।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में लाखों लोग मकान बन चुके हैं। अभी भी भूमाफिया कॉलोनी काट रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण और प्रशासन अवैध निर्माण नहीं रोक पा रहे हैं। इस पर सरकार ने डूब क्षेत्र में बिजली के कनेक्शन देने पर रोक लगा दी। कनेक्शन नहीं मिलने से डूब क्षेत्र में रहने वाले लोग परेशान हैं। पिछले सप्ताह निवासियों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया था। महिलाएं लाल साड़ी पहनकर पहुंची थी। वहीं मांग पूरी नहीं होने पर रविवार को सुथ्याना, कुलेसरा और लखनावली गांव के डूब क्षेत्र में रहने वाले करीब 300 लोग बसों में सवार होकर निकले थे। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि निवासियों ने बिजली के जर्जर तारों से हादसा होने की शिकायत की है। जिस पर एनपीसीएल को जर्जर तारों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। कनेक्शन व अन्य समस्याओं पर तीन दिन में निवासियों के साथ बैठक की जाएगी। वार्ता के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनकी मांगों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा।