ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-2 स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पीएमईसी इंडिया-2026 का बुधवार को दूसरा दिन रहा। इनफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया की ओर से आयोजित तीन दिवसीय एक्सपो में बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचे। देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों और कारोबारियों ने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। फार्मा, पैकेजिंग, मशीनरी, तकनीक और उत्पादन से जुड़े उत्पादों को देखने के लिए दिनभर आवाजाही बनी रही।
एक्सपो में विभिन्न कंपनियां अपने उत्पाद और नई तकनीक प्रदर्शित कर रही हैं। दूसरे दिन आगंतुकों ने कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी ली। कई स्टॉल पर विशेषज्ञों और कंपनी प्रतिनिधियों ने उत्पादों की विशेषताएं बताईं। उन्होंने उत्पादों के उपयोग और तकनीकी खूबियों की जानकारी भी दी। देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों से आए प्रतिनिधियों ने भी रुचि दिखाई।
मीडिया प्रभारी सुभाष पाटिल ने बताया कि पीएमईसी इंडिया-2026 में फार्मा उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को एक मंच मिला है। इसमें कारोबारी, विशेषज्ञ, पेशेवर और प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। कंपनियां अपने नए उत्पाद और तकनीकी समाधान उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत कर रही हैं। इससे कारोबारियों और संभावित ग्राहकों के बीच संवाद बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही नए व्यावसायिक अवसर भी विकसित हो सकते हैं।