सेक्टर-39 स्थित राष्ट्रीय कैंसर रोकथाम एवं शोध संस्थान (एनआईसीपीआर) में बनी कोरोना जांच की लैब अति आधुनिक होगी। यहां 12 आरटीपीसीआर मशीनें लगाई जाएंगी। वहीं, 4 आरएनए एक्सट्रैक्शन मशीनें भी लगेंगी। सोमवार को शाम 4.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नोएडा, कोलकाता और मुंबई स्थित लैब का उद्घाटन करेंगे। यहां प्रतिदिन जांच की क्षमता 6000 तय की गई है।
नोएडा की लैब में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों के नमूने भी जांचने की संभावना है। हालांकि, जिला प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग के किसी भी अधिकारी के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है। लैब शुरू होने से मरीजों की जांच रिपोर्ट 2-3 दिनों में उम्मीद की जा रही है। वर्तमान में आरटीपीसीआर की रिपोर्ट 5 से 7 दिनों में मिल रही है।