3-5 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हो रहा ट्रायल
जिला स्तरीय तैराकी ट्रायल में जिले के खिलाड़ियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जगह पक्की करने के लिए गौतम बुद्ध नगर के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय जूनियर तैराकी ट्रायल में भाग लिया। इसका आयोजन सोमवार को ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में जिला खेल कार्यालय की ओर से बालक-बालिका जूनियर वर्ग के लिए किया गया था। चयनित खिलाड़ी मंगलवार यानी आज से होने वाले मेरठ मंडल स्तरीय ट्रायल में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मंडल ट्रायल में गौतमबुद्धनगर के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ समेत अन्य जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके आधार पर मेरठ मंडल टीम का चयन किया जाएगा, जो लखनऊ में 3-5 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि बालिका वर्ग में ओलंपिया स्विमिंग अकादमी की आरोही राय ने 50 मीटर फ्लाई, 100 मीटर फ्री स्टाइल और 200 मीटर इंडिविजुअल स्पर्धाओं में स्थान बनाया। अदिति ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 100 मीटर बैक स्ट्रोक, 100 मीटर फ्री स्टाइल और 200 मीटर इंडिविजुअल में बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निशा ने 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर फ्लाई और 200 मीटर इंडिविजुअल में शानदार खेल दिखाया। इसके अलावा अनन्या सागवान ने 50 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धाओं में अच्छा प्रदर्शन किया।