- खिलाड़ियों ने लगाया अवैध वसूली का आरोप, खेल अधिकारी बोले- डीएम के निर्देश पर लागू हुई व्यवस्था
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों ने आईडी कार्ड और शुल्क व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खेल अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि स्टेडियम में प्रवेश और जिम सुविधा के नाम पर अनावश्यक शुल्क लिया जा रहा है। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि वे सामान्य परिवारों से आते हैं और निजी अकादमियों की महंगी फीस नहीं दे सकते। सरकारी स्टेडियम में अभ्यास कर प्रतिभाएं आगे बढ़ती हैं, लेकिन नई व्यवस्था से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि शुल्क जमा नहीं करने वाले कई खिलाड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
वहीं, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि आईडी कार्ड व्यवस्था जिलाधिकारी के निर्देश पर सुरक्षा के उद्देश्य से लागू की गई है। 18 वर्ष से कम खिलाड़ियों के लिए 210 रुपये वार्षिक पंजीकरण शुल्क और जिम सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है।