फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: पाइपलाइन फटी, आईसीयू में ऑक्सीजन सप्लाई बंद, मची अफरातफरी

विज्ञापन
विज्ञापन
घटना से पहले तबियत बिगड़ने के बाद मरीज की मौत, सेक्टर-66 के मार्क अस्पताल की घटना
विज्ञापन


आईसीयू में भर्ती मरीजों को आनन-फानन में किया गया शिफ्ट, दोपहर 12 बजे हुई घटना

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। सेक्टर-66 स्थित मार्क अस्पताल के आईसीयू में रविवार दोपहर करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट के बाद ऑक्सीजन लाइन बंद होने से अफरातफरी मच गई। भर्ती करीब आठ मरीजों को आनन-फानन में दूसरी जगह ले जाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद पूरी घटना पर काबू पाया जा सका। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन बताया जा रहा कि घटना से पहले तबियत बिगड़ने के बाद एक मरीज की मौत हुई है।

पाइप लाइन फटने से गंभीर मरीजों को दी जा रही ऑक्सीजन की सप्लाई भी बाधित हो गई। इससे मरीजों और उनके परिजन चीखने लगे। मौके पर अग्निशमन विभाग, फेस-3 थाने की पुलिस और रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर मोर्चा संभाला। अस्पताल प्रबंधन ने आईसीयू में भर्ती मरीजों को पास के अस्पतालों में एंबुलेंस से शिफ्ट कराया। इसके बाद अन्य गंभीर मरीजों को भी दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। इतनी देर में सभी मरीजों के परिजनों को भी जानकारी दी गई।
विज्ञापन

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, करीब 17-18 मरीज थे। उनके साथ-साथ तमाम कर्मचारी व मरीजों के परिजन भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज आवाज आई और ऊपर से नीचे तक पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। लोग चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागने लगे।



स्थिति संभालने के लिए चलाए स्प्रिंकलर

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शुरुआती वक्त हुई घटना को वह भी नहीं समझ पाए। उन्होंने आग लगने की आशंका पर आनन-फानन में स्प्रिंकलर भी चालू कर दिए ताकि कहीं भी आग लगी तो वह तुरंत बुझ जाए। हालांकि आग की किसी भी तरह की घटना नहीं हुई। ऑक्सीजन सप्लाई रुकना कुछ देर के लिए बड़ी चुनौती बन गया।



क्या बोले परिजन

तेज आवाज के बाद धुआं भर गया

जहां घटना हुई उसके ठीक नीचे मेरा भाई मोहित भाई वेंटिलेटर पर था। अचानक से तेज आवाज हुई और हर तरफ धुआं भर गया। चीख-पुकार मचने लगी। इस बीच मोहित को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। वह सुरक्षित है। -अमित

-

लोग चिल्लाने लगे

मेरा साला मोहम्मद बिलाल खान आईसीयू में भर्ती थे। हर तरफ लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। सभी भागने लगे। अस्पताल ने उनके मरीज को दूसरी जगह वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया। -अजीज खान

अस्पताल में भर्ती मरीज की हुई मौत
अस्पताल में दो दिन से भर्ती बिजनौर के नरेश चौधरी (70) की मौत हो गई। मृतक के बेटे प्रदीप कुमार ने बताया कि दो दिन पहले बिजनौर से अस्पताल में लेकर आए थे। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि रविवार को जब यह घटना हुई उसके करीब आधे घंटे पहले ही मरीज की तबियत बिगड़ने लगी थी। इसकी जानकारी परिजनों को दे दी गई थी जिसके बाद उन्हें सीपीआर दिया जा रहा था। आधे घंटे तक सीपीआर देने के बाद भी उन्हें नही बचाया जा सका। उनके फेफड़ों में समस्या थी। पूरे शरीर में इंफेक्शन था। परिजनों ने पुलिस को कोई भी शिकायती पत्र देने से मना किया है।



वर्जन

तार में शॉर्ट सर्किट होने से एहतियातन ऑक्सीजन सप्लाई रोकी गई थी। करीब आधे घंटे में आईसीयू के मरीजों को शिफ्ट किया गया। सभी सुरक्षित हैं। जिस मरीज की मृत्यु हुई है, उसकी घटना के पहले ही स्थिति बिगड़ गई थी जिसकी जानकारी परिजनों को दी गई थी। उन्हें भी सीसीटीवी कैमरे के जरिए स्थिति दिखाई गई जिससे वे संतुष्ट हैं। -डॉ अनुज त्रिपाठी, निदेशक, मार्क अस्पताल एंड ट्रॉमा सेंटर, सेक्टर-66
विज्ञापन


-

इस घटना की जांच स्वास्थ्य विभाग की टीम करेगी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। -डॉ. चंदन सोनी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर

-

अग्निशमन की प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से माइनर ब्लास्ट की घटना हुई थी। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। कुछ मरीजों को शिफ्ट किया गया है। आग लगने और धुआं निकलने की घटना नहीं हुई है। -प्रदीप कुमार चौैबे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें