सड़कों और सामुदायिक भवनों की होगी मरम्मत, एनआईटी समेत अन्य जगहों पर ट्यूबवेल लगेंगे
फोटो-10,11
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बड़खल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये सरकार ने मंजूर किए हैं। इन विकास कार्यों में गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर 45 व 46 के सामुदायिक भवनों की मरम्मत, एनआईटी समेत अन्य जगहों पर ट्यूबवेल समेत अन्य काम शामिल हैं। इसमें कुछेक कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने हर विधानसभा स्तर पर विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये दिए हैं। इस पर विधानसभा स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम विधायक सीमा त्रिखा से विचार-विमर्श के बाद विकास कार्यों का एस्टीमेट बनाकर टेंडर जारी कर रहा है। इसमें गर्मियों में पेयजल की समस्या को देखते हुए कई जगहों पर ट्यूबवेल लगाए जाने की तैयारी है। इससे लोगों को गर्मी में पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। वहीं, सेक्टर में भी इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाने की तैयारी है। निगम सेक्टर 45 व 46 में जर्जर हो चुके सामुदायिक भवनों की मरम्मत कराएगा। इसके लिए एचएचवीपी से एनओसी मांगी गई है। वहीं, लंबे समय से टूटे गोल्फ कोर्स नाहर सिंह स्टेडियम की सड़क को कंकरीट से बनाया जाएगा। इस रोड के टूटे होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा सैनिक कॉलोनी के पार्काें को ठीक कराया जाएगा। काॅलोनी में कई पार्क खराब हैं और लोगों को परेशानी होती है। ऐसे में पार्काें में हरियाली समेत अन्य का इंतजाम कराया जाएगा।
बल्लभगढ़ में भी तैयारी
मुख्य अभियंता बीके कर्दम ने बताया कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दस करोड़ से विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए कार्याें का एस्टीमेट बनाया जा रहा है। इसे लेकर हाल में मंत्री मूलचंद शर्मा ने निगम के साथ बैठक की थी। इसमें पहले महत्वपूर्ण कार्य कराने के लिए कहा है। इसी अनुसार कार्याें की सूची बनाकर आगे की तैयारी की जा रही है।
बड़खल विधानसभा में दस करोड़ से कई विकास कार्य कराए जाने हैं। आठ कार्यों का टेंडर जारी किया गया है और अन्य पर काम चल रहा है। इसमें पेयजल, पार्क और सड़कों का कार्य प्रमुख है।
-ओमदत्त, कार्यकारी अभियंता, डिवीजन-दो
प्रमुख कार्य
गोल्फ कोर्स रोड नाहर सिंह स्टेडियम रोड : 1.58 करोड़
वार्ड-12 में एनएच में तीन ट्यूबवेल : 27.90 लाख
वार्ड में आर्य समाज रोड-बीकानेर चौक : 62.09 लाख
वार्ड-14 जनता बंद पार्क : 33.36 लाख
वार्ड-14 में पांच ट्यूबवेल : 46.98 लाख
वार्ड-15 में पांच ट्यूबवेल : 74.98 लाख
सैनिक कॉलोनी के पार्क, वार्ड-16 : 29.40 लाख
सेक्टर 48 की गलियों के निर्माण पर : 65.50 लाख
नवादा गांव में सड़क पर : 6 लाख
सेक्टर 48 में गलियों का निर्माण : 55 लाख रुपये
एसटीएम नगर में इंटरलॉकिंग टाइल्स : 12.34 लाख
33 फीट रोड पर : 32.66 लाख रुपये
आनंगपुर में 3, अनखीर में 3 और बड़खल दो में ट्यूबवेल : 62.88 लाख रुपये
आनंगपुर में पुलिया का निर्माण: 3,48, 300 रुपये
रेलवे रोड पर नाले का निर्माण, वार्ड-19 : 1.15 करोड
वार्ड 20 सेक्टर-46 में गलियाें को पक्का करना : 76.20 लाख
सामुदायिक भवन सेक्टर 45 की मरम्मत : 4.41 लाख
सामुदायिक भवन सेक्टर-46 की मरम्मत : 9.41 लाख
वार्ड 21 में इंटरलाॅकिंग टाइल्स : 62 लाख रुपये
-