तिमारपुर में यूपीएससी के छात्र की हत्या का मामला:
-
-लैपटॉप एफएसएल जांच को भेजे, रिपोर्ट के बाद सामने आएगी हकीकत
-जांच के दौरान पुलिस को रामकेश का मोबाइल फोन नहीं हुआ बरामद
-पुलिस आरोपियों को दोबारा से रिमांड पर लेकर कर सकती है पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तिमारपुर के गांधी विहार इलाके में यूपीएससी के छात्र रामकेश हत्याकांड की जांंच के दौरान पुलिस को उसके लैपटॉप से 15 से अधिक लड़कियों के फोटो और वीडियो मिले हैं। मंगलवार को दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) रविंद्र यादव ने इसकी जानकारी मीडिया को दी। हालांकि उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने इससे इंकार करते हुए लैपटॉफ की एफएसएल जांच की बात की है। उनका कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही इस बात का पता चल पाएगा। फिलहाल छानबीन के दौरान पुलिस को रामकेश का मोबाइल फोन बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस उसे बरामद करने का प्रयास कर रही है।
मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यदि जरूरत पड़ी तो तीनों ही आरोपी अमृता चौहान, सुमित कश्यप और संदीप को दोबारा से पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी। हालांकि आरोपियों का कहना है कि उन्होंने रामकेश का मोबाइल कमरे में ही छोड़ दिया था, पुलिस को जांच के दौरान जला हुआ मोबाइल नहीं मिला। इस बात का पता किया जा रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि आरोपियों ने मोबाइल को कहीं छिपा दिया हो या उसको नष्ट कर दिया हो। पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामला चूंकि बेहद हाई प्रोफाइल हो चुका है, इसलिए जांच अधिकारी एक-एक कदम फूंक-फूंककर रख रहे हैं। केस में और फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामकेश की लिवइन पार्टनर रही अमृता के अश्लील वीडियो और फोटो उसने एक हार्ड डिस्क में रखे हुए थे। पिछले करीब दो-तीन माह से वह इनको डिलीट करने या उसे दे देने की मांग कर रही थी। रामकेश इसके लिए आना-कानी कर रहा था। अमृता ने उसको प्राप्त करने के लिए उसकी हत्या कर दी। बाद में वह रामकेश के दो लैपटॉप लेकर निकली। पुलिस ने जब इनको बरामद किया तो लैपटॉप में 15 से अधिक लड़कियों के फोटो और वीडियो बरामद हुए। विशेष आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि इन लड़कियों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी। फोटो और वीडियो से लगता है कि रामकेश की कई लड़कियों से दोस्ती थी।
-
दो माह से बना रही थी योजना
छानबीन के दौरान यह भी पता चला है कि अमृता ने करीब दो माह पूर्व अपने पहले प्रेमी सुमित को सारी बात बता दी थी। तभी से दोनों उसकी हत्या की योजना बना रहे थे। बाद में संदीप के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया गया। संदीप का दावा है कि उसे नहीं पता था कि आरोपी रामकेश की हत्या के इरादे से आए हैं।
परिवार ने पहले ही कर दिया था बेदखल...
नई दिल्ली। यूपीएससी के छात्र रामकेश मीणा हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता अमृता चौहान को उसके परिवार ने पहले ही चल अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। परिवार ने इसके लिए बकायदा एक दैनिक समाचार पत्र में इसका नोटिस देकर उससे संबंध विच्छेद कर लिया था। दरअसल अमृता का चाल-चलन देखकर परिवार ने उससे नाता तोड़ा था। बता दें कि अमृता की दोस्ती पहले से ही मुरादाबाद के रहने वाले सुमित कश्यप से थी। इसके बाद वह दिल्ली आई तो यहां उसकी नजदीकियां कई और लड़कों से रहीं। बाद में उसने रामकेश के साथ लिवइन में रहना शुरू कर दिया।