दनकौर। खेरली हाफिजपुर कस्बे में मंगलवार रात एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद पत्नी और दोस्त रात भर शव लेकर घूमते रहे, कहीं भी अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। बुधवार को शव लेकर अनूपशहर पहुंचे तो मौके पर पहुंची दनकौर पुलिस चिता से शव उठाकर ले आई। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। व्यक्ति की गर्दन पर चोट के निशान हैं। ऐसे में शक के आधार पर पुलिस ने पत्नी और दोस्त को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ के धौलाना निवासी प्रवीण (45) कुछ वर्ष से पत्नी और तीन बच्चों के साथ दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित खेरली हाफिजपुर में रह रहे थे। वह ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे। मंगलवार रात संदिग्ध हालात में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी और पड़ोसी दोस्त शव को कार में लेकर गाजियाबाद के हिंडन श्मशान घाट पहुंचे। यहां उनसे कुछ जरूरी कागजात की मांग की गई तो वह दिखा नहीं सके। इसके बाद वहां से लौटना पड़ा। इसी दौरान रात में ही शव को दूसरी गाड़ी में लेकर बिलासपुर पहुंचे, लेकिन यहां भी अंतिम संस्कार नहीं कर सके। बाद में शव को लेकर बुलंदशहर के अनूपशहर पहुंचे।
इस बीच प्रवीण के बड़े बेटे निशांत (12) ने चाचा नरेंद्र को फोन पर मामले की जानकारी दी। रविंद्र ने मामले की शिकायत दनकौर पुलिस से की। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी। जांच करते हुए पुलिस अनूपशहर पहुंच गई। यहां बुधवार शाम को शव को अंतिम संस्कार के लिए रखा ही था कि पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को चिता से उठा लिया। कोतवाली प्रभारी राधा रमण सिंह का कहना है कि प्रवीण की गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, शक के आधार पर पत्नी व दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।