समर स्पेशल ट्रेनें भी रेलवे के लिए बनीं कमाई का साधन
987.38 करोड़ रुपये उत्तर रेलवे ने मई में यात्रियों से कमाए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गर्मी में छुट्टियों में लोगों के सैर सपाटे ने रेलवे की कमाई भी बढ़ा दी है। मई में उत्तर रेलवे ने 87 समर स्पेशल ट्रेन चलाकर यात्रियों की राह आसान की। उसे 9.23 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा कालका-शिमला सेक्शन पर अनारक्षित ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के 31 फेरे संचालित कर भी करोड़ों रुपये की कमाई हुई। भीड़ को देखकर अतिरिक्त कोच भी लगाकर ट्रेनें चलाईं जा रही हैं। मई में भी 165 अतिरिक्त कोच जोड़े गए जिससे रेलवे को 1.24 करोड़ रुपये की कमाई हुई। यात्री आय में 987.38 करोड़ व तो अन्य में 104.29 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इसी तरह माल आय में 566.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने बताया कि विभिन्न चुनौतियों के बावजूद उत्तर रेलवे ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 के मई में माल लदान, यात्री, पार्सल और अन्य कोचिंग आय में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले साल मई में 604 स्पेशल ट्रेनें चली थीं। इस साल अभी तक 710 लंबी दूरी की ट्रेनें चलाई गईं। इस वजह से 17.55 प्रतिशत की वृद्धि आय में हुई है। पिछले माह यात्री भाड़ा से 987.38 करोड़ रुपये की कमाई हुई जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 883.87 करोड़ रुपये से 11.71 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह टिकट चेकिंग अभियान के तहत 26 करोड़ रुपये आय के आंकड़े को पार किया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि से 21 प्रतिशत अधिक है।