तावडू। बेहतर जलापूर्ति के लिए जनस्वास्थ्य एंव अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नगर में 45 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही 10-10 लाख लीटर की क्षमता के तीन भूमिगत वाटर टैंकों का निर्माण भी किया जायेगा। 8 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से अनुबंध के तहत यह कार्य आगामी 8 महीने में पूरा कर लिया जायेगा। शिवनगर में लाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत करने के उपरान्त स्थानीय विधायक तेजपाल तंवर ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नगर में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या है। पुरानी लाइन जर्जर हो चुकी है, जिसकी वजह से आए दिन लाइनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर नगरवासी परेशान हैं। नई लाइन बिछने से जहां समस्या से निजात मिलेगी वहीं नगरवासियों को भरपूर पेयजल आपूर्ति होगी। शिवनगर से नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है, जिसे आठ माह के अंदर पूरा कर लिया जाएगा।
जनस्वास्थ्य एंव अभियांत्रिकी के कार्यकारी अभियंता फैजल इब्राहिम ने बताया कि तावड़ू नगर में सीवर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब पेयजल आपूर्ति के लिए नगर में 45 किलोमीटर की नई पाइप लाइन डाली जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तावड़ू एक ऐसा अकेला नगर है जहां पर सीवर लाइन के बाद शीघ्र पेयजल लाइन डाली जा रही है, जिसकी वजह नगर की सड़काें को एक बार ही तोड़ा गया है।
पेयजल लाइन डालने के बाद एक बार में टूटी सड़कों का दोबारा निर्माण किया जाएगा। इस दौरान विधायक तेजपाल तंवर ने मोैजूद नगर पार्षदों से निर्माण कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनीता गर्ग, तावड़ू ब्लाक पंचायत समिति के अध्यक्ष नरेश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश प्रधान, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ त्रिलोक चंद मंगला, अभियंता शकील अहमद, पार्षद सुरेंद्र कुमार, नरेश ढल, ज्ञानी राम, नगर पालिका उपाध्यक्ष कर्म सिंह, अधिवक्ता सचिन मेहता, धर्मेंद्र भारद्वाज, ठेकेदार अनीस मौजूद थे।