फिरोजपुर झिरका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल इंडिया पर जोर दे रहे हैं, जबकि फिरोजपुर झिरका में 3 बड़े बैंकों के स्थानीय शाखा प्रबंधक लोगों को एटीएम की सुविधा देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इस कारण ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एटीएम कार्ड धारक मुकेश, देवेंद्र, अख्तर, विजय, नरेश, गिरीश मेहता, मिंटू और रोहित जैन का कहना है कि एटीएम सुविधा के नाम पर बैंकों द्वारा सुविधा शुल्क काटा जाता है। इसके बावजूद कस्बे में स्थित तीनों एटीएम बूथों में धनराशि नहीं है। मजबूरन लोगों को सीएससी सेंटरों के अलावा अन्य दुकानों पर जाकर कमीशन देकर खाते से रुपये निकलवाने पड़ रहे हैं। इससे उनको आर्थिक नुकसान का सामना भी करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब उन्हें रुपयों की जरूरत होती है तो एटीएम में कैश नहीं होता। वहीं, अक्सर एटीएम बूथों पर ताला भी जड़ा रहता है। लोगों का आरोप है कि बैंक के कुछ कर्मचारियों की सीएससी सेंटरों से मिलीभगत है। इस कारण अक्सर एटीएम बूथों को बंद रखा जाता है। लोगों की मांग है कि अगर मामले की जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।